कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और राज्य प्रभारी देवेंद्र यादव ने परिवर्तन यात्रा में उमड़े जनसैलाब को भाजपा सरकार के खिलाफ जनाक्रोश करार दिया। जनसभा में विधायक करण मेहरा, विधायक हरीश धामी ने भी विचार रखे। संचालन पार्टी के जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल और गुरदयाल सिंह मेहरा ने किया।
इधर, हल्द्वानी रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में पूर्व सीएम रावत ने कहा कि आजादी के मूल्य खतरे में है। लोकतंत्र खतरे में है, संविधान खतरे में है। कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड और वर्ष 2024 में दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनानी है। सार्वभौम पौष्टिक योजना लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सरकार बनने पर एक करोड़ पदों को भरा जाएगा। सत्ता में आने के एक सप्ताह में काले कृषि कानूनों को फाड़ कर फेंक दिया जाएगा। गोदियाल ने कहा कि हम चुनाव हारे लेकिन यह जन सैलाब बता रहा है कि हम चूके नहीं हैं। दोगुनी ताकत से आएंगे। गोदियाल ने कहा कि डा. इंदिरा हृदयेश के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेते हैं।
नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि डॉ. इंदिरा हृदयेश अंतिम सांस तक कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कार्य करतीं रहीं। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि हल्द्वानी में रैली को देखकर लगता है कि कांग्रेस की सरकार आना तय है। उन्होंने भी डॉ. इंदिरा हृदयेश के सपनों को पूरा करने की बात कही। कार्यकारी अध्यक्ष
प्रो.जीतराम ने भाजपा पर निशाना साधा। पब्लिसिटी कमेटी अध्यक्ष सुमित हृदयेश ने कहा कि केंद्रीय और राज्य नेतृत्व के सहयोग से डॉ. हृदयेश के सपनों को पूरा किया जा सकता है। इससे पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बरेली रोड पर मंडी के पास यात्रा का भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी करने के साथ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद यात्रा रामलीला मैदान की तरफ बढ़ी। इसमें बड़ी संख्या में बाइक सवार, चौपहिया वाहन शामिल थे। यात्रा के दौरान झांकियों के जरिये भी कांग्रेस ने बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों को उठाया।
यात्रा में ये रहे मौजूद
पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा, विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल, काजी निजामुद्दीन, पूर्व विधायक हरीश दुर्गापाल, नारायण पाल, महिला मोर्चे की प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्या, प्रदेश महामंत्री महेश शर्मा, जिला अध्यक्ष सतीश नैनवाल, महानगर अध्यक्ष राहुल छिम्वाल, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया, प्रकाश जोशी, ललित जोशी, जगमोहन बगड़वाल, नीमा भट्ट, शिल्पी अरोड़ा, केदार पलड़िया, विजय सिजवाली, आनंद रावत, हेमंत बगड़वाल, शशि वर्मा, खजान पांडे, राजेंद्र दुर्गापाल, गजेंद्र गौनिया, जया बिष्ट, खजान पांडे, हुकुम सिंह कुंवर, हरीश मेहता, एनबी गुणवंत समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
हरदा ने बिंदुखत्ता से अपने आत्मिक लगाव का बखान किया
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बिंदुखत्ता से अपने 45 वर्ष से भी ज्यादा समय से जुड़े लगाव का जिक्र्त किया। कहा कि 1980 में सांसद रहने के दौरान उनके पास स्थानीय लोगों का शिष्टमंडल आया था। तब उन्होंने तत्कालीन सीएम से बिंदुखत्ता को उजाड़ने से बचाने की मांग की थी। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता बीना जोशी के नेतृत्व में पारंपरिक परिधानों से सजीं महिलाओं ने परिवर्तन यात्रा में शामिल नेताओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
गले में हरा पट्टा पहन दिया हरियाली का संदेश
पूर्व सीएम हरीश रावत यात्रा में अपने परिधानों से चर्चा में रहे। गले में पहना हरे रंग का पट्टा चर्चा में रहा। कार्यकर्ता कह रहे थे कि पूर्व सीएम ने पट्टा धारण कर हरियाली का संदेश दिया है। वहीं किसान आंदोलन को समर्थन देने से भी लोग इसे जोड़ रहे थे।