उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बयान कि मुख्यमंत्री बनूंगा नहीं तो घर बैठ जाऊंगा पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि 10 मार्च को हरीश रावत की इच्छा पूरी हो जाएगी, प्रदेश जनता उन्हें घर बैठाएगी। उधर प्रदेश भाजपा ने भी कांग्रेस पर कटाक्ष किया कि वह खयाली पुलाव खाने को तैयार बैठी है। पार्टी ने कहा कि चुनाव में हरीश रावत जनता की नहीं बल्कि कुर्सी की लड़ाई लड़ रहे थे।
हरीश रावत के बयान की सियासी हलकों में खूब चर्चा है। भाजपा इसे कांग्रेस और सत्ता लोलुपता से जोड़कर देख रही है। मुख्यमंत्री बनूंगा नहीं तो घर बैठ जाऊंगा संबंधी बयान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि 10 मार्च को इसका खुलासा हो जाएगा। भाजपा प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। हरीश रावत को घर बैठाकर प्रदेश की जनता उनकी इच्छा को जरूर पूरा करेगी।
कांग्रेस में मुख्यमंत्री की दौड़ शुरू
इधर, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि सत्तालोलुप कांग्रेस की हालत यह है कि अभी जनादेश ईवीएम में है और कांग्रेस में मुख्यमंत्री की दौड़ शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत तो अपनी पार्टी को चेतावनी तक दे चुके हैं। मुख्यमंत्री न बनने पर वह जनता के बीच न रहकर घर बैठने की बात कह रहे हैं।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Election 2022: प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई तो मिलेगा 500 में सिलिंडर...शर्तें लागू
उन्होंने कहा कि साफ है कि जनसरोकारों की बात कहने वाले हरीश रावत भी कुर्सी की ही लड़ाई लड़ रहे थे। चौहान ने कहा कि बेसब्र कांग्रेस को अपने फैलाये भ्रम और षड्यंत्र पर भरोसा है और जनता पर भरोसा नहीं है। कांग्रेस झूठ और पाखंड के भरोसे मैदान में थी और भाजपा विकास कार्यों की बदौलत। जनता भाजपा को आशीर्वाद दे चुकी है और कांग्रेस को उसकी गलतफहमी भारी पड़ेगी।