प्रदेश में जिलों में छात्र-छात्राओं का ऑनलाइन ई-प्रोफाइल तैयार करने में हो रही देरी पर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ने कड़ी नाराजगी जताई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी और समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर निर्धारित तिथि तक इस कार्य को पूरा करने के आदेश जारी किए हैं।
पत्र में कहा गया है कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत व मासिक परीक्षाओं को सुचारु रूप से चलाने के लिए विद्यालयी शिक्षा विभाग की ओर से एजुकेशन पोर्टल के माध्यम से छात्र-छात्राओं का ऑनलाइन ई-प्रोफाइल तैयार किया जाना है। इस संबंध में 27 दिसंबर 2020 को आदेश जारी कर इस काम दस दिन में पूरा करने को कहा गया था। लेकिन कई विद्यालयों की ओर से अभी तक छात्र-छात्राओं का ई-प्रोफाइल तैयार नहीं किया गया है।
अब उन्होंने जिला वार पुन: नई तिथि निर्धारित कर दी है। जिसके तहत पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर और चंपावत को 23 फरवरी तक का समय दिया गया है। वहीं पौड़ी, नैनीताल, उत्तरकाशी को दो मार्च, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर को नौ मार्च और देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी को 16 मार्च तक का समय दिया है। जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि उक्त तिथियों तक सभी छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन ई-प्रोफाइल तैयार कर लिए जाएं।