फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सल्ट विधानसभा उपचुनावः भाजपा का संसदीय बोर्ड तय करेगा प्रत्याशी, मुख्यमंत्री नहीं दावेदार 

Sun, 21 Mar 2021 11:59 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य - फोटो : अमर उजाला फाइल फोटो
विज्ञापन

सल्ट विधानसभा उपचुनाव लड़ने के लिए भाजपा के छह नेताओं ने टिकट की दावेदारी की है। पार्टी का संसदीय बोर्ड प्रत्याशी के नाम की घोषणा करेगा। शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की अध्यक्षता में हुई पार्टी के कोर ग्रुप की बैठक में सल्ट चुनाव के लिए तैयार नामों के पैनल पर मंथन हुआ।

विज्ञापन


सल्ट विधानसभा उपचुनाव : मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की पहली परीक्षा की घड़ी आई

नामों का पैनल उपचुनाव के लिए कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने तैयार किया। जिन छह नामों का पैनल है उनमें पूर्व विधायक स्व सुरेंद्र सिंह जीना के भाई महेश जीना का पलड़ा भारी माना जा रहा है। क्योंकि भाजपा सहानुभूति का कार्ड खेल सकती ही।
विज्ञापन


बकौल कौशिक, पैनल में शामिल छह नामों में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का नाम शामिल नहीं है। सियासी हलकों में मुख्यमंत्री को सल्ट से उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चाएं भी तैर रही थीं। 
शनिवार शाम सात बजे पार्टी कार्यालय में शुरू हुई कोर ग्रुप की बैठक में छह नामों  के पैनल पर विचार विमर्श हुआ।

तय हुआ कि सभी छह नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिए जाएं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि सभी छह नामों का पैनल रविवार सुबह केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया जाएगा। संसदीय बोर्ड रविवार शाम या सोमवार सुबह तक प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर देगा।

बड़े अंतर से जीतेंगे

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि बैठक में उपचुनाव की तैयारी को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना ने विधानसभा क्षेत्र में खूब काम किए। स्थानीय लोगों का उनसे बहुत लगाव रहा। लोगों के मन उनके प्रति बहुत विश्वास है। उन्होंने कहा कि भाजपा बड़े अंतर चुनाव जीतेगी।

पैनल में ये छह नाम हैं शामिल

सल्ट विधानसभा में उपचुनाव लड़ने के लिए  सल्ट के पूर्व विधायक स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना के भाई महेश जीना, दिनेश मेहरा, डॉ. यशपाल रावत, गिरीश कोटनाला, प्रताप सिंह रावत व राधा रमण ने टिकट की दावेदारी की है। बैठक में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, सुरेश भट्ट, सांसद अजय भट्ट, अजय टम्टा, राज्य लक्ष्मी शाह, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, राज्यमंत्री डॉ. धनसिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री के लिए अलग उपचुनाव होगा

सल्ट विधानसभा उपचुनाव में भाजपा मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को प्रत्याशी नहीं बना रही है। पार्टी ने संकेत दिए हैं कि उनके लिए अलग से विधानसभा सीट खाली कराएगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि सल्ट में स्थानीय चेहरे को ही प्रत्याशी बनाया जाएगा। अभी मुख्यमंत्री की सीट के बारे में कोई चर्चा नहीं है। बता दें कि कांग्रेस ने भाजपा को चुनौती दी है कि वह मुख्यमंत्री को सल्ट से चुनाव लड़ाए। 

बहुगुणा के आवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा से उनके डिफेंस कालोनी स्थित आवास पर पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की।

प्रत्याशी कोई भी हो एकजुट होकर विजयी बनाएं : यशपाल

सल्ट विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मौलेखाल (अल्मोड़ा) में पोखरी मैदान में पार्टी ने विधानसभा क्षेत्र के सल्ट और मछोड़ मंडल के कार्यकर्ता के साथ संवाद आयोजित किया। कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि कार्यकर्ताओं एकजुट होकर चुनाव लड़ना है और पार्टी प्रत्याशी को विजयी बनाना है।

यशपाल आर्य ने कहा कि प्रत्याशी कोई भी हो पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार क्षेत्र में बने रहेंगे। पार्टी प्रत्याशी को अधिक से अधिक वोटों से जिताना ही पूर्व विधायक स्व. सुरेंद्र सिंह जीना को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धन सिंह रावत ने कहा कि कार्यकर्ताओं की व्यक्तिगत राय लेकर देहरादून में मंत्रणा के बाद केंद्रीय नेतृत्व सल्ट उपचुनाव के लिए प्रत्याशी तय करेगा।

प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट ने कहा कि हमें केवल कमल निशान देखना है प्रत्याशी कोई भी हो सबको एक साथ मिलकर भाजपा प्रत्याशी को जिताना है।

राज्य और केंद्र सराकर की जनकल्याणकारी योजनाओं को पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को बताएं। बैठक में दिनेश मेहरा, प्रताप रावत, महेश जीना, डॉ. यशपाल रावत, गिरीश कोटनाला, नरेंद्र भंडारी, प्रेम शर्मा, विक्रम बिष्ट, गिरीश सत्यवली आदि थे।
विज्ञापन

कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन को लेकर की रायशुमारी

कांग्रेस पार्टी ने भी सल्ट उपचुनाव के लिए प्रत्याशी चयन को लेकर व्याखुलीपड़ौ सेवा धाम में बैठक की। पार्टी के पर्यवेक्षक विधायक करन माहरा और प्रदेश उपाध्यक्ष आयेंद्र शर्मा ने कार्यकर्ताओं के सात रायशुमारी की।

विधायक करन मेहरा ने कहा कि वर्तमान में महंगाई चरम पर है। तेल, गैस, राशन समेत सभी मूलभूत वस्तुओं के दाम काफी महंगे हो गए हैं। जनता भाजपा को सबक सिखाने का मन बना चुकी है। पार्टी जिसे भी टिकट देगी पार्टी कार्यकर्ता अभी से गांव-गांव घर-घर जाकर कांग्रेस के पक्ष में वोट मांगे।

प्रदेश उपाध्यक्ष आयेंद्र शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करें। इस दौरान बीडीसी सदस्य कुणीधार रितु शर्मा, भवानी राम, राजेंद्र प्रसाद, प्रकाश चंद्र, बहादुर चंद्र को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।

बैठक में जिला अध्यक्ष महेश आर्या, जिला उपाध्यक्ष गोपाल रावत, ब्लॉक अध्यक्ष संजय रावत, आईटी सेल जिला अध्यक्ष भगत रावत, शिवेंद्र रावत, विक्रम रावत,  गंगा पंचोली, मनोज उपाध्याय आदि थे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें