केंद्रीय मंत्रियों को भी प्रचार में उतारा
पार्टी ने दोनों विस सीटों पर अपने प्रचार को और अधिक आक्रामक बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा को भी उतार दिया है। टम्टा ने शुक्रवार को बदरीनाथ विधानसभा सीट पर प्रचार किया। जयंत को मंगलौर सीट पर प्रचार के लिए बुलाया जा रहा है।
बदरीनाथ विधानसभा का हम सब मिलकर करेंगे विकास : बलूनी
बदरीनाथ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र भंडारी के समर्थन में शुक्रवार को केंद्रीय परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा व गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने गोपेश्वर में जनसभा की। टम्टा ने कहा, राजेंद्र भंडारी ने बदरीनाथ विधानसभा के लिए बड़ा त्याग किया है, हम सब मिलकर यहां का विकास करेंगे। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि उन्हें जो स्नेह यहां की जनता ने दिया उसे वह कभी भूल नहीं पाएंगे। भंडारी को भी भारी मतों से विजयी बनाएं, इस क्षेत्र के विकास की जिम्मेदारी हम सबकी है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. धनसिंह रावत, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, रायपुर विधायक खजान दास ने भी सभा को संबोधित किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश मैखुरी, जिला प्रभारी कुंदन परिहार, उपचुनाव प्रभारी विजय कपरूवाण, बलवीर घुनियाल, पुष्पा पासवान आदि मौजूद रहे।