नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूल (एनआईओएस) की ओर से आयोजित परीक्षा में दो मुन्ना भाई पकड़े गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़कर कोतवाली ले आई। पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। दोनों युवक वेस्ट यूपी के बताए जा रहे हैं। पुलिस दोनों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
बृहस्पतिवार को केंद्रीय विद्यालय एक में कंप्यूटर की परीक्षा चल रही थी। एक कक्ष में निरीक्षकों ने परीक्षा कार्ड के आधार पर परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों की जांच की तो दो युवक दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़े गए। युवकों से निरीक्षकों ने पूछताछ की, लेकिन वह कोई जवाब नहीं दे पाए। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों से पूछताछ की।
दोनों युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। उनके परीक्षा कार्ड जब्त कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों युवक वेस्ट यूपी के मुजफ्फरनगर के गांव रामपुर के रहने वाले हैं। दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।