पुलिस ने सिंहनीवाला स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाले दो छात्रों को हिरासत में लेकर उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पकड़े गए दोनों छात्र बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं। रविवार को भी पुलिस ने बिहार के एक युवक के पास से तीन किलो गांजा बरामद किया था।
नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो छात्रों को पकड़कर उनके पास से तीन किलो गांजा बरामद किया है। घटनाक्रम के मुताबिक देर रात पुलिस गश्त के दौरान सेलाकुई के शिवनगर बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली। उनके पास से तीन किलो गांजा बरामद किया गया। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त विश्वजीत सिंह पुत्र राज प्रकाश सिंह निवासी गनौली जनपद आरा बिहार व रवि रजंन पुत्र महेश प्रसाद निवासी शास्त्रीनगर जनपद पटना बिहार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों युवक सिंहनीवाला क्षेत्र में स्थित एक शिक्षण संस्थान में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि युवकों को हाल ही में परिजनों ने हॉस्टल का किराया व जेब खर्च भेजा था। उन्होंने अधिक पैसा कमाने के उद्देश्य से झाझरा क्षेत्र के किसी अज्ञात व्यक्ति से गांजा खरीद लिया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करके उन्हेें गिरफ्तार कर लिया है। टीम में अनित कुमार, त्रेपन सिंह, ब्रजपाल, चन्द्रपाल, बीर सिंह, जितेंद्र सिंह शामिल रहे।