देहरादून में क्लेमेंटटाउन थाने की पुलिस ने नशे के 2324 कैप्सूलों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस रविवार रात पिपलेश्वर मंदिर के पास नई बस्ती में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन आरोपियों को एक मोटरसाइकिल में 2324 नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में उनकी पहचान इखलाख पुत्र मोहम्मद इकबाल निवासी गढ़ मीरपुर, थाना रानीपुर हरिद्वार, नवाजिश पुत्र नकाब अली निवासी ग्राम इंचोली मवाना रोड थाना इंचोली जिला मेरठ हाल माजरा प्रधान वाली गली थाना पटेलनगर देहरादून और राशिद पुत्र मोहम्मद इरशाद निवासी पठानपुरा थाना मंगलौर हरिद्वार के रूप में हुई।
आरोपियों ने बताया कि वे सहारनपुर के अलग-अलग मेडिकल स्टोर से इन दवाइयों (कैप्सूल) को खरीद कर लाते हैं। इसके बाद स्कूल कॉलेज के आसपास लड़कों को महंगे दामों में बेचकर अपना खर्चा निकालते है। आरोपी इखलाख ने बताया कि वह पीओपी का काम करता है। राशिद व नवाजिश पुराने टायरों की फेरी का काम करते हैं।