पुलिस ने होटल के कमरे में खुदकुशी करने वाले इंजीनियर यतीन वर्मा की लाश बाहर फेंकने और साक्ष्य मिटाने के तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, पकड़े गए जिम संचालक शान मोहम्मद के खिलाफ यतीन को आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा भी दर्ज हुआ है।
शुक्रवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बागेश्वर के युवा इंजीनियर यतीन वर्मा का गोली लगा शव 27 नवंबर की सुबह न्यू एंपायर सिनेमा के पास पड़ा मिला था।
पहले तो मामला हत्या का लगा था, मगर दो होटल कर्मियों राजकुमार और शत्रुघ्न निवासी सुल्तानपुरके बयान के बाद हत्या को आत्महत्या में तरमीम कर दिया गया था। उन्होंने बताया था कि यतीन ने होटल के कमरे में खुदकुशी कर ली थी।