देहरादून। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) सिडकुल हरिद्वार में लूट के मामले में दस हजार इनामी बदमाश को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वर्ष 2019 में अपने तीन साथियों के साथ सिडकुल हरिद्वार की हर्बल प्रोडक्ट यूनिट कंपनी के कॉस्मेटिक सामान से लदे ट्रक को तमंचे के बल पर लूट लिया था। इसी लूट मामले में बदमाश वांछित चल रहा था।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 में तीन बदमाशों ने सिडकुल हरिद्वार के हर्बल प्रोडक्ट यूनिट कंपनी के कॉस्मेटिक के सामान से लदे ट्रक को लूट तमंचे के बल पर लूट लिया था। लूट में शामिल तीन बदमाश पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपी तौफीस निवासी 259 जवाहर पार्क साहिबाबाद, उत्तर प्रदेश तब से लगातार फरार चल रहा था। लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं आ रहा था। आरोपी पर हरिद्वार पुलिस की ओर से दस हजार का इनाम भी घोषित किया था। बताया कि डीजीपी अशोक कुमार के इनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए निर्देशों के क्रम में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीओ एसटीएफ के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार रात गाजियाबाद पुलिस के साथ मिलकर इनामी बदमाश तौसीफ को गाजियाबाद के लोनी जनपद से गिरफ्तार कर लिया। बताया कि गिरफ्तार तौसीफ के खिलाफ वर्ष 2016 में थाना कोटपुतली राजस्थान में भी डकैती का अभियोग पंजीकृत है। बताया कि उसके आपराधिक इतिहास के बारे में अन्य राज्यों से भी जानकारी ली जा रही है। इनामी की गिरफ्तारी में एसआई बृजभूषण गुरु रानी, आरक्षी रियाज अख्तर और आरक्षी संजय कुमार की विशेष भूमिका रही।