उत्तराखंड एसटीएफ ने विगत कई सालों से फरार और हरिद्वार में दो लूट की घटनाओं में शामिल बावरिया गिरोह के कुख्यात डकैत शाहरुख को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। डकैत पर 25 हजार का इनाम घोषित था। इसके चार अन्य साथियों को एसटीएफ पहले ही पकड़ चुकी है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि 15 सितंबर 2018 को रात को हरिद्वार जिले के थाना कनखल क्षेत्र के रुद्रविहार कॉलोनी जमालपुर में विकास कुमार के घर में लूट हुई थी। बदमाशों ने उनके घर में घुसकर मारपीट और धमकाकर जेवर, नकदी और कागजात लूट लिए थे। आठ सितंबर 2018 को कलियर क्षेत्र के माजरी गांव में महिपाल सिंह के घर बदमाशों ने घुसकर उनके व परिवार के साथ मारपीट कर जेवर आदि लूटकर ले गए थे। मामले में की गई विवेचना से उक्त दोनों घटना में बावरिया गिरोह के पांच-छह बदमाशों का संलिप्त होना पाया गया था। इसके बाद गैंग के विरुद्ध एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए आजाद, फाल्ला, सैफ अली उर्फ गजनी और मुंगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
गैंग लीटर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मैनाठेर निवासी शाहरुख तब से लगातार फरार चल रहा था। इस पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया। तब से लेकर एसटीएफ शाहरुख की तलाश में लगातार छापे मार रही थी। शाहरुख के राजस्थान में छिपे होने की सूचना पर बृहस्पतिवार को उत्तराखंड एसटीएफ और राजस्थान पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर शाहरुख को टोंक जिले के थाना क्षेत्र देवली से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में दरोगा उमेश कुमार, सिपाही संजय कुमार, अनूप भाटी, वीरेंद्र नौटियाल, कैलाश नयाल शामिल थे।
गिरोह के पहले पकड़े गए बदमाश
मूंगी उर्फ आरिज उर्फ आरिश उर्फ श्यामबाबू निवासी भोजपुर थाना पीपलसाना मुरादाबाद, सैफ अली उर्फ गजनी उर्फ आफताब निवासी जाफरपुर थाना मैनाठोर मुरादाबाद, आजाद निवासी जाफरपुर थाना मैनाठोर मुरादाबाद और फाल्ला निवासी जाफरपुर थाना मैनाठोर मुरादाबाद।