श्रीदेव सुमन विवि ने महाविद्यालयों की संबद्धता में पारदर्शिता लाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विवि ने आगामी सत्र 2020-21 से कॉलेजों की ऑनलाइन संबद्धता के लिए वेब पोर्टल तैयार कर दिया है।
पोर्टल का जल्द ट्रायल करने के बाद इसे शुरू कर दिया जाएगा। विवि का दावा है कि संबद्धता के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने से कॉलेजों की मनमानी पर नकेल कस जाएगी। श्रीदेव सुमन विवि से 114 निजी कॉलेज और 53 सरकारी कॉलेज संबद्ध हैं।
अभी तक कॉलेजों को संबद्धता लेने के लिए विवि के चक्कर काटने पड़ते हैं और कई निजी कॉलेज अपनी मनमानी करते हैं। इस समस्या से निपटने के लिए विवि ने एक वेब पोर्टल बनाया है।
पोर्टल की फाइनल ट्रायल रिपोर्ट आनी बाकी है। उसके बाद वेब पोर्टल के माध्यम से ही आगामी सत्र से सभी कॉलेजों की ऑनलाइन संबद्धता हो सकेगी और विवि की लिखित अनुमति के बाद ही महाविद्यालय नए छात्रों को प्रवेश दे सकेगा।
कोई महाविद्यालय अपनी मर्जी से किसी छात्र को दाखिला देता है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित कॉलेज की ही होगी। वहीं श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति डा. पीपी ध्यानी का कहना है कि वेब पोर्टल का ट्रायल सफल होने के बाद कॉलेजों की संबंद्धता की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।