देहरादून। संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) ने टैक्स का भुगतान न करने वाले 2100 बड़े बकायेदार वाहन स्वामियों की सूची जारी की है। इसके अलावा पांच हजार से ज्यादा वाहन स्वामियों को नोटिस जारी कर टैक्स जमा कराने को कहा गया है। जिले में कुल 22500 से ज्यादा वाहन स्वामी ऐसे हैं, जिन्होंने टैक्स जमा नहीं कराया है। उन्होंने नोटिस के जरिये सभी वाहन स्वामियों को टैक्स का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।
परिवहन सचिव के निर्देश पर सभी परिवहन कार्यालयों में बकाया राजस्व वसूली की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। दून संभाग के सभी कार्यालयों को शत प्रतिशत राजस्व वसूली के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। संभागीय परिवहन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में बड़े बकायेदारों से संपर्क कर नोटिस जारी किए जा रहे हैं। बड़े बकायेदार जिनको कार्यालयों में पहले नोटिस जारी किए गए, उन्हें डीएम के माध्यम से भू राजस्व के बकाया के रूप में वसूली पत्र जारी किया जा रहा है।
200 बड़े बकायेदारों की सूची आरटीओ कार्यालय पर चस्पा की गई है। इसके अलावा 1900 बकायेदारों की सूची भी नोटिस बोर्ड पर लगाई गई है। उन्होंने बताया कि दिसंबर में 2300 वाहन स्वामियों को भू राजस्व वसूली के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा जा रहा है। आरटीओ प्रशासन सुनील शर्मा ने बताया कि जिन लोगों ने अभी तक टैक्स जमा नहीं कराया है, वह जुर्माने से बचने के लिए तुरंत इसे जमा करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावितों को राहत देने के लिए टैक्स में छूट दी जा रही है।