देहरादून। दो साल से बंद बीमा पॉलिसी को चालू कराने के चक्कर में महिला खाते से 1.90 लाख रुपये गंवा बैठी। महिला की शिकायत पर साइबर पुलिस ने जांच की। इसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शिकायत हिना कौसर निवासी सिंघल मंडी ने की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पति फईम अहमद कुवैत में रहते हैं। उन्होंने कुछ साल पहले एक बीमा एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस से कराया था। इसकी सालाना किश्त लगभग 95 हजार रुपये है, लेकिन दो साल से ही पॉलिसी में रुपये जमा नहीं हुए थे। गत 16 अक्तूबर को उनके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एजेंट बताया और कहा कि पॉलिसी का प्रीमियम भर देंगे तो उनका कमीशन बच जाएगा। महिला ने यह नंबर अपने पति को दिया और सारी बात बताई। महिला के पति ने भी इस पर बात की। वह भी झांसे में आ गए। उन्होंने अपनी पत्नी से कहा कि उसके बताए अकाउंट में 1.90 लाख रुपये जमा करा दे। महिला ने ऐसा ही किया। झांसा दिया गया कि इसके बाद उन्हें 20 लाख रुपये मिल जाएंगे। इसके बाद उन्होंने कंपनी में पता किया तो मालूम हुआ कि उनका प्रीमियम तो जमा ही नहीं हुआ है। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।