72 सीढ़ी घाट के पास गंगा में डूबने से एक बैंक अधिकारी की मौत हो गई। युवक का शव घाट के पास ही गंगा में उतरता पाया गया। जल पुलिस की टीम ने शव को गंगा से बाहर निकाला। शव को एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी में रखा गया है।
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के अनुसार रविवार शाम को पुलिस को हरिद्वार रोड स्थित 72 सीढ़ी घाट के पास गंगा में एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और जल पुलिस ने शव को गंगा से बाहर निकाला। युवक की पहचान आयुष जैन पुत्र अनंत वीर जैन (28) निवासी काले की ढालवाला ऋषिकेश हुई है।
पुलिस की सूचना पर युवक के परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कि आयुष एक्सिस बैंक में सेल्स मैनेजर के पद पर तैनात थे। आज आयुष की छुट्टी थी। दोपहर एक बजे भोजन के बाद वह घर से घूमने की बात कहते हुए पैदल ही निकल गए थे। सीसीटीवी फुटेज की जांच में वह गंगा तट पर झुककर आचमन करते नजर आ रहे हैं। फिलहाल फिसलकर नदी में गिरने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।