उड़ीसा की युवती की मौत के राज से 47 दिन बाद पर्दा उठ गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। महिला के पति संजय भारद्वाज को पूछताछ के लिए ऋषिकेश लाने के लिए कोतवाली पुलिस उत्तरप्रदेश के बलिया रवाना हो गई है। अभी आरती की हत्या को लेकर पुलिस का शक उसके पति पर है।
शव लेने भी नहीं आए थे मृतक के परिजन
09 दिसंबर को कृष्णानगर तिराहे के पास जंगल में एक युवती का शव मिलने से सनसनी मच गई थी। महिला के पर्स में मिले रेल टिकट और फोन नंबर पर संपर्क करने के बाद उसकी पहचान आरती भुई पुत्री रविंद्र भुई निवासी ग्राम अड़क्का, थाना बिरडी, जिला जगतसिंहपुर, उड़ीसा के रूप में हुई थी। कोतवाली पुलिस के युवती के पिता रविंद्र भुई से संपर्क करने पर उन्होंने बताया था कि दो वर्ष पूर्व आरती प्रेम विवाह करने के बाद घर से कहीं चली गई थी। आरती के पिता ने बताया कि वह हरिद्वार के सिडकुल स्थित एक फैक्टरी में काम कर रही थी। हालांकि उन्होंने आरती के पति के बारे में जानकारी होने से इनकार किया था। मृतक के परिजन उसका शव लेने भी नहीं आए थे।
वहीं जांच के लिए सिडकुल पहुंची पुलिस टीम को फैक्टरी प्रबंधन और रेल टिकट की बुकिंग करने वाले युवक से जानकारी मिली थी कि आरती रावली महदूद में किराए के मकान में अपने पति के साथ रहती थी। वहीं आरती के पड़ोसियों का कहना था कि करीब एक सप्ताह से आरती कमरे में नहीं आई थी। जबकि उसका पति 15 दिन पहले ही कहीं चला गया था। जब पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया तो पता चला कि आरती का पति संजय भारद्वाज उत्तर प्रदेश के बलिया में रहता है। आरती उसकी दूसरी पत्नी थी। संजय की पहली पत्नी ऋषिकेश के कृष्णानगर में अपने मायके में रहती है। पुलिस को यह भी पता चला कि संजय अपनी पहली पत्नी और बच्चों से मिलने के लिए मायके आता-जाता था। लेकिन पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी।
कृष्णानगर तिराहे के पास जंगल में मिला था शव
गौरतलब है कि आरती का शव कृष्णानगर तिराहे के पास जंगल में मिला था। यह जगह संजय के ससुराल के काफी करीब है। ऐसे में हत्या को लेकर पुलिस के शक की सुई युवती के पति संजय भारद्वाज पर ही टिकी हुई है। ऋषिकेश कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि आरती की पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है। मामले में दर्ज मुकदमे में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पूरे मामले में आरती भुई के पति संजय भारद्वाज की भूमिका संदिग्ध है। संजय इस समय उत्तर प्रदेश के बलिया स्थित अपने घर पर हैं। पुलिस की एक टीम को उसे लाने के लिए बलिया भेजा गया है। आरती के पति से पूछताछ के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा।