मुख्यमंत्री ने रामपुर तिराहा कांड में शहीद आंदोलनकारियों की प्रतिमाओं की स्थापना के कार्य का शिलान्यास किया। बताया कि शहीदों की मूर्ति स्थापना के लिए 27 लाख की धनराशि जारी की गई है। स्मारक के लिए भूमि दान करने वाले स्व. पंडित महावीर शर्मा की प्रतिमा भी स्मारक परिसर में स्थापित की गई है।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मुजफ्फरनगर डॉ. सुधीर सैनी, उत्तराखंड संस्कृति साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल, सचिव संस्कृति युगल किशोर पंत मौजूद रहे।
आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से ही राज्य का निर्माण संभव
मुख्यमंत्री ने कचहरी परिसर देहरादून स्थित शहीद स्थल शहीदों आंदोलनकारियों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सीएम ने कहा, आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान से ही अलग उत्तराखंड राज्य का निर्माण संभव हो सका। राज्य निर्माण में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। प्रदेश सरकार आंदोलनकारियों व शहीदों के परिजनों के सम्मान व कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री खजान दास भी मौजूद रहे।