पुलिस ने नगर क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए अभियान चलाया। इस दौरान किराएदारों का सत्यापन नहीं कराने वाले 25 मकान मालिकों व दो रेहड़ा-ठेली वालों पर चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने अभियान के तहत ढाई लाख रुपये का जुर्माना वसूला।
प्रदेश में दस साल से रह रहे बाहरी प्रदेशों के निवासियों के सत्यापन के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर पुलिस ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में आवासीय भवनों व रेहड़ा-ठेली वालों का सत्यापन किया। इस दौरान रेहड़ा-ठेली पर मेहनत मजदूरी करने वाले दस लोगों का सत्यापन किया गया। इनमें से दो के संदिग्ध पाए जाने पर उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा आवासीय भवनों में रह रहे पचास किराएदारों की जांच के दौरान 25 भवनों में रह रहे किराएदारों का सत्यापन नहीं कराए जाने के कारण मकान मालिकों पर चालान की कार्रवाई की गई। कोतवाली प्रभारी रविंद्र शाह ने बताया कि अभियान के दौरान ढाई लाख रुपये का राजस्व भी वसूला गया।