ठंड में गर्दन, कमर और जोड़ों का दर्द बढ़ने से बड़ी संख्या में लोग परेशान रहते हैं। इसे देखते हुए अमर उजाला ने पाठकों से उनकी परेशानी के बारे में सवाल पूछे। पाठकों ने खुद के साथ-साथ परिचितों-परिजनों की समस्याओं के बारे में बताया। इन सवालों को अमर उजाला ने राजकीय दून मेडिकल अस्पताल के वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट एवं फिजियोथेरेपी के इंचार्ज डॉ. एसके त्यागी के सामने रखा।
डॉ. त्यागी ने इन समस्याओं को समझकर इनके समाधान के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। साथ ही आराम न मिलने पर उन्होंने किसी ऑथोपेडिक सर्जन, न्यूरो सर्जन, न्यूरो फिजिशियन या फिजियोथिरेपिस्ट को दिखाने की सलाह भी दी है। इन समस्याओं और समाधान को प्रकाशित किया जा रहा है।
सवाल: मेरे बाएं पैर के पंजे में पिछले एक माह से दर्द हो रहा है। ट्यूब लगाने से कोई फायदा नहीं हो रहा है। अब वॉक करने में दिक्कत हो रही है। -कुसुम (61 वर्ष), ओंकार रोड, देहरादून
जवाब: पंजे में पुरानी मोच हो सकती है। आपने लंबे समय तक हार्ड तलवे वाले जूते पहनकर वॉक किया होगा। इससे पंजे की निचली मसल फट सकती है। गरम पानी में नमक मिलाकर 15-15 मिनट सुबह-शाम पैर के पंजे और अंगुलियों की सिकाई करें।
सवाल: मेरी दाएं ओर कोहनी से पीठ तक लगातार दर्द होता है। अब यह दर्द बाएं पैर से शुरू होकर कमर तक बढ़ गया है। -उर्मिला जोशी (56), टिहरी नगर
जवाब: कमर या गर्दन का स्पॉंडेलाइटिस हो सकता है। पीठ और कमर के जिस हिस्से में दर्द है वहां गर्म पानी की बोतल से सिकाई करें। पेट के बल लेटकर पीठ की एक्सरसाइज करें। बिना डॉक्टर की सलाह के ज्यादा दर्दनाशक दवा न खाएं। हार्ड बैड और पतला तकिया यूज करें।
सवाल: करीब 25 वर्ष से घुटनों में दर्द है। अब पैर की नसें भी अकड़ने लगी हैं। एड़ी के जोड़ों में भी बहुत दर्द होता है। - शंभू प्रसाद ढौंडियाल (65), केदारपुरम
जवाब: घुटने का ऑर्थराइटिस हो सकता है। एड़ी की हड्डी बढ़ी हो सकती है। एड़ी में सिलिकॉन जेल पैड लगाकर रखें। सॉफ्ट तलवे के जूते पहनें। उबाड़-खाबड़ स्थान पर न चलें। नी कैप पहनें और घुटने की एक्सरसाइज कराएं।
सवाल: बाएं कंधे में पिछले कई महीनों से नसों में खिंचाव महसूस कर रहा हूं और दर्द भी काफी है। -सागर मलिक (44), कारगी चौक
जवाब: ब्लड शुगर की जांच कराएं। गर्दन में नस दबना या कंधे का ऑर्थराइटिस हो सकता है। गर्दन और कंधे की नमक व गर्म पानी से सिकाई और एक्सरसाइज करें। धूम्रपान और एल्कोहॉल का सेवन बिल्कुल न करें।