थानाध्यक्ष पैठाणी वीरेंद्र रमोला ने बताया कि बरातियों से भरी मैक्स दुर्घटना में चालक अंकित (25) पुत्र प्रकाश लाल निवासी स्योली तल्ली, हयात सिंह पुत्र प्रताप सिंह सिलोली, मेहरवान सिंह पुत्र केदार सिंह सिलोली, जांख निवासी कलम की बड़ी बेटी अंबिका (18) और पांच वर्षीय दृष्टि की मौके पर ही मौत हो गई थी। थानाध्यक्ष रमोला ने बताया कि 108 सेवा के सहयोग से दो घायलों को सीएचसी पैठाणी व सात को सीएचसी पाबौ में भर्ती कराया गया। सीएचसी पाबौ में उपचार के दौरान मोनिका ने दमतोड़ दिया। यहां से छह घायलों को जिला अस्पताल पौड़ी रेफर किया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रदेश के शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री ने घायलों के उपचार को लेकर जिलाधिकारी को दिशा-निर्देश दिए हैं।
छह का पौड़ी व दो का पैठाणी में चल रहा उपचार
छह घायलों का जिला अस्पताल पौड़ी व दो घायलों का उपचार सीएचसी पैठाणी में चल रहा है। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूडी ने बताया वीरेंद्र, कंचन, दिया, राहुल, प्रिया, किरन का उपचार चल रहा है। थानाध्यक्ष पैठाणी रमोला ने बताया घायल रविंद्र पुत्र रोशन सिंह ग्राम इसोटी एकेश्वर ब्लॉक, मोहन सिंह पुत्र हयात सिंह सिलोली का उपचार सीएचसी पैठाणी में चल रहा है।
14 लोग से वाहन में सवार
दुर्घटनाग्रस्त वाहन बरातियों से ओवरलोड होकर चल रहा था। थानाध्यक्ष वीरेंद्र रमोला ने बताया कि मैक्स वाहन में 14 बराती सवार थे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
हादसों को न्यौता दे रहा है मोटर मार्ग
जिला पंचायत सदस्य टीला गणेश नेगी ने कहा कि स्योली मल्ली-टीला मोटर मार्ग खस्ताहाल पड़ा हुआ है। इसको लेकर लोनिवि के अधिकारियों को कई बार मौखिक व लिखित शिकायत दी गई। उन्होंने मोटर मार्ग को जल्द दुरुस्त बनाए जाने की मांग की।