उत्तराखंड में पंचायत चुनाव की मतगणना तीसरे दिन 29 जून को देर शाम पूरी हो पाई। देर शाम राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी परिणाम जारी करने का दावा किया।
उपचुनाव की तैयारी शुरू
हालांकि ऑनलाइन कई परिणाम अभी जारी नहीं हो पाए हैं। अब आयोग के स्तर से जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों के उपचुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है।
पंचायत मतगणना शुक्रवार 27 जून से शुरू हुई थी और 29 जून रविवार को दोपहर बाद समाप्त हो पाई। इन तीन दिनों में मतदान कर्मियों ने करीब 58 हजार पंचायत प्रतिनिधियों के लिए परिणाम घोषित किए। करीब 33 लाख वोट गिने गए।
अब रुद्रप्रयाग में एक ग्राम प्रधान की सीट पर मामला उलझा हुआ है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक अन्य सभी नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। इस सीट पर फिर से मतदान की नौबत आ सकती है।
देर रात तक भी अपडेट नहीं हो पाए नतीजे
वहीं नेट पर नतीजे रविवार देर रात तक भी अपडेट नहीं हो पाए थे। आयोग के मुताबिक जिलों से संपर्क न होने के कारण यह परेशानी उठ खड़ी हुई।
इसी के साथ आयोग ने जिला पंचायत अध्यक्ष और क्षेत्र प्रमुखों के उपचुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। आयोग की ओर से इसका कार्यक्रम तैयार किया जा चुका है पर शासन से इस कार्यक्रम पर सहमति नहीं मिल पाई है।