एमएससी कार्यक्रम में प्रवेश के लिए संस्थान अपनी प्रवेश परीक्षा आयोजित करेगा। हालांकि सीयूईटी और जैम की परीक्षा उत्तीर्ण छात्रों को प्रवेश में वरीयता दी जाएगी। प्रो. अवस्थी ने कहा कि सीटों में वृद्धि से छात्रों को लाभ मिलने के साथ संस्थान की रैंकिंग में भी सुधार होगा। उन्होंने बताया कि नए कोर्सेज को संचालित करने के लिए संस्थान में पर्याप्त संकाय सदस्य हैं।
संकाय सदस्यों और गैर संकाय सदस्यों के कुछ रिक्त पदों को भरने के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी गई है और शीघ्र ही आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। तब तक के लिए जरूरत पड़ने पर संविदा पर संकाय सदस्यों की नियुक्ति की जाएगी।
कुलसचिव पद पर एचएम आजाद का चयन
एनआईटी निदेशक प्रो. अवस्थी ने कहा कि संस्थान के कुलसचिव पद के लिए हुए साक्षात्कार में डॉ. हरि मौल आजाद को चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि कुलसचिव पद के लिए जारी विज्ञप्ति के सापेक्ष कुल प्राप्त 16 आवेदन में से 11 आवेदनों को योग्य पाया गया था, जिसमे से केवल पांच उम्मीदवार साक्षात्कार के लिए उपस्थित हुए थे।
साक्षात्कार के उपरांत चयन समिति की सिफारिश के आधार पर बोर्ड ऑफ गवर्नर्स द्वारा डॉ. हरि मौल आजाद को एनआईटी उत्तराखंड के नए कुलसचिव के रूप में मंजूरी दे दी गई है। डॉ. आजाद को आधिकारिक रूप से इस बात की सूचना दे दी गई है और कुलसचिव पद के लिए ऑफर लैटर भेज दिया गया है। ज्ञात हो कि डाॅ. आजाद वर्तमान में गढ़वाल विवि के परीक्षा नियंत्रक हैं। डाॅ. आजाद ने बताया कि वे जल्द ही कुलसचिव का कार्यभार ग्रहण करेंगे।