आमतौर पर आपने कुत्ते की वफादारी के मामले ज्यादा सुने हैं। बंदर भी वफादारी में पीछे नहीं रहते हैं।
मालिक जब मुश्किल में हो तो वह कुछ भी कर गुजरते हैं। ऐसा ही वाकया शनिवार को हल्द्वानी के रोडवेज बस अड्डे के पास देखने को मिला। बंदर का खेल दिखाकर रोजी-रोटी कमाने वाले राजू पर जब एक युवक ने हमला किया तो उसके बंदर का पारा चढ़ गया।
उसने बदला लेने को युवक पर छलांग लगाने के साथ ही झपट्टा मार दिया। युवक बंदर का रौद्र रूप देखकर भागकर एक दुकान में छिप गया। बंदर तो मानने वाला नहीं था, उसने दुकान के बाहर खूब उछलकूद मचाई।
इससे लोगों का मजमा लग गया। इसी दौरान सीएम की फ्लीट आने वाली थी, इससे पुलिस कर्मियों के हाथ पांव फूल गए। बाद में पुलिस कर्मियों ने जैसे तैसे स्थिति को काबू में किया।