प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी अजेंद्र अजय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशस्ति में एक महिला प्रशंसक की पंक्तियों को लेकर कांग्रेस तिल का ताड़ बना रही है। उन्होंने कहा कि यह न तो भाजपा संगठन और ना ही सरकार का कोई आधिकारिक दस्तावेज है।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि व्यक्ति पूजा और व्यक्ति विशेष की प्रशस्ति पार्टी की कार्य संस्कृति नहीं है। भाजपा विचार, नीति व सिद्धांतों पर आधारित पार्टी है। जबकि कांग्रेस में शाही परिवार की चाटुकारिता ही उसके नीति व सिद्धांत हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आज विश्व के सर्वाधिक चर्चित और लोकप्रिय राजनेताओं में से एक हैं।
मोदी के व्यक्तित्व व उनकी कार्यशैली से देश-विदेश में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हैं। सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों में भी देखने को मिलता है कि अनेकों लोग उनके प्रति असीम श्रद्धा और विश्वास रखते हुए अलग-अलग तरीके से उनके प्रति अपनी भावनाएं प्रकट करते हैं। किसी प्रशंसक की भावनाओं को प्रकट करने से नहीं रोका जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को भाजपा पर आरोप लगाने से पहले अपना इतिहास खंगालना चाहिए। कांग्रेस में गांधी-नेहरू खानदान की चाटुकारिता के अलावा कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शाही परिवार की चाटुकारिता में नेता किस हद तक गुजर जाते हैं, इसका प्रमाण कुछ समय पूर्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद के वक्तव्य से मिलता है।
खुर्शीद ने सोनिया गांधी को ‘देश की मां’ तक कह दिया था। आंध्र प्रदेश में कांग्रेस के एक पूर्व मंत्री ने गांधी का मंदिर बना दिया था। ऐसे तमाम उदाहरणों से कांग्रेस का इतिहास भरा पड़ा है।
विपक्ष और सोशल मीडिया पर मोदी आरती को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रही प्रदेश भाजपा अब इस मामले में रिपोर्ट तलब करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि मामला संज्ञान में लाया गया है, लिहाजा यह पूछा जाएगा कि आखिर ऐसा क्यों हुआ? उन्होंने कहा कि इस मामले का भाजपा से कोई लेना देना नहीं है। मामला पूरी तरह से व्यक्तिगत है।
विपक्ष का इस मामले को बेवजह तूल देना और भाजपा संगठन को इससे जोड़ना अनुचित है। भगत ने कहा कि जहां तक पीएम मोदी की प्रशंसा का सवाल है, तो पूरी दुनिया उनकी मुरीद है। उनका राजनीतिक कौशल, नेतृत्व क्षमता और जनता के बीच विषयों को रखने की उनकी काबलियत का पूरा देश और दुनिया लोहा मानती है। कांग्रेस और विपक्ष को यही बात कांटे की तरह चुभती है। उन्होंने कांग्रेस के विरोध और धरना की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ विरोध करना जानते हैं। सड़कों पर प्रवासियों की मदद करने के लिए उनके पास समय नहीं है।
वे कोरोना काल के इस संवेदनशील समय में अराजकता की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। मोदी आरती को लेकर उठे विवाद पर भगत ने कहा कि वे सोमवार को देहरादून आ रहे हैं। कोर कमेटी के सदस्यों से वार्ता होनी है। इस दौरान वे इस मसले पर भी रिपोर्ट लेंगे। पता लगाएंगे कि आखिर ऐसा क्यों हुआ?