देहरादून के सभी महाविद्यालयों में एडमिशन प्रक्रिया जोर-शोर से चल रही है। ज्यादातर कॉलेज पहले चरण की मेरिट लिस्ट निकालने की कवायद में लगे हैं। डीबीएस कॉलेज में आज पहली मेरिट लिस्ट जारी होगी। प्राचार्य डॉ. वीसी पांडेय ने बताया कि मेरिट लिस्ट के बाद छात्रों को एडमिशन लेने के लिए समय दिया जाएगा।
वहीं, एसजीआरआर में मंगलवार को आवेदन का दूसरा दिन रहा। दून विवि में 11 सितंबर तक पहले चरण के एडमिशन होंगे। डीएवी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरिओम शंकर ने बताया कि आवेदन पत्रों की जांच का काम चल रहा है। एसजीआरआर पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीए बौड़ाई ने बताया कि मंगलवार को आवेदन का दूसरा दिन रहा।
एमकेपी में 11 तक प्रवेश ले सकेंगी छात्राएं
एमकेपी पीजी कॉलेज में मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद छात्राओं को 11 सितंबर तक प्रवेश लेने का अवसर दिया गया है। प्राचार्य डॉ. रेखा खरे ने बताया कि एडमिशन न लेने वाली छात्राओं के स्थान पर दूसरी मेरिट लिस्ट में शामिल छात्राओं को प्रवेश देने की प्रक्रिया की जाएगी।
दून विवि में 11 सितंबर तक होंगे प्रवेश
कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने बताया कि मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है। छात्रों को तीन से 11 सितंबर तक प्रवेश लेने का मौका दिया गया है। उसके बावजूद सीट खाली रहने पर दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि विवि की आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट देखा जा सकता है।