विभागीय वर्दी के बिना फील्ड में उतरे दो सुपरवाइजरों को एमडीडीए ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कार्यालय से अटैच कर दिया गया है। एमडीडीए सचिव पीसी दुमका ने नियमों का उल्लंघन करने वाले फील्ड कर्मियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
दरअसल, कुछ समय पहले एमडीडीए अधिकारियों के संज्ञान में आया कि कुछ बाहरी लोग प्राधिकरण के नाम पर लोगों को परेशान कर रहे हैं। वह खुद को एमडीडीए का कर्मचारी बताकर लोगों पर अवैध वसूली का दबाव बना रहे हैं।
30 अक्टूबर को जारी हुए थे निर्देश
इस पर सचिव पीसी दुमका ने 30 अक्टूबर को सुपरवाइजर समेत सभी फील्ड कर्मियों को फील्ड विजिट के दौरान अनिवार्य रूप से विभागीय वर्दी पहनने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा उन्हें ड्यूटी टाईम में आईकार्ड भी अपने पास रखने के निर्देश दिए गए। उनके यह निर्देश एक नवंबर से लागू भी हो गए।
उसके बावजूद दो सुपरवाइजर अशोक कुमार द्वितीय और नीरज भंडारी ने ड्रेस नहीं ली। वह लगातार निर्माण कार्यों पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते रहे। मामला संज्ञान में आने पर दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
आगे भी होगी कार्रवाई
एमडीडीए सचिव पीसी दुमका ने बताया कि बिना ड्रेस और आई कार्ड के फील्ड में घूमने और स्थलीय निरीक्षण करने वाले सभी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एमडीडीए कर्मियों के पहुंचने पर उनसे आईकार्ड मांगने की अपील की। जागरूकता के जरिये ही इस तरह के मामलों में कमी लाई जा सकेगी।