आरआईएमसी के लिए चयनित रायपुर निवासी ओमदत्त शर्मा
- फोटो : DEHRADUN
देहरादून। देहरादून के रायपुर निवासी मास्टर ओमदत्त शर्मा का चयन राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (आईआईएमसी) के लिए हुआ है। कॉलेज में उत्तराखंड के लिए मात्र एक ही सीट आरक्षित थी। उत्तराखंड के लगभग साढ़े तीस सौ से अधिक बच्चों ने एग्जाम में भाग लिया था। जिसमें ओमदत्त शर्मा का चयन हुआ है।
रायपुर निवासी ओमदत्त शर्मा (13) की माता पारुल शर्मा उत्तराखंड पॉवर कारपोरेशन में डाटा एंट्री के पद पर कार्यरत है। पिता ज्वाला दत्त शर्मा अपना व्यवसाय करते हैं। ओमदत्त की पूरी शिक्षा सेंट जोजफ्स में हुई है। वर्तमान में भी वह सेंट जोजफ्स एकेडमी में ही आठवीं कक्षा में अध्ययनरत है। ओमदत्त की मां ने बताया कि ओमदत्त ने आरआईएमसी की वीडियो यूट्यूब पर देखी थी। इसके बाद आरआईएमसी में जाने की ललक उसमें जगी। इसके बाद उसने नेट से आरआईएमसी की पूरी डिटेल खंगाली। जब ओमदत्त को पता चला कि आरआईएमसी देशभर में उच्च शिक्षण संस्थानों में से एक है तो उसने आरआईएमसी ज्वाइन करने का निर्णय लिया। इसके बाद उसने कड़ी मेहनत की और आखिरकार उसका चयन आरआईएमसी के लिए हो गया। ओमदत्त फुटबाल के साथ ही कभी-कभी क्रिकेट भी खेलता है। रॉक म्यूजिक सुनना उसे काफी पसंद है। उन्हें खुशी है कि उनके बेटे का चयन आरआईएमसी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में हुआ है। उम्मीद है कि उनका बेटा भविष्य में भी उनका, उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करेगा।