आम आदमी पार्टी ने श्रीमहंत नरेंद्र गिरि की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ओपी मिश्रा ने कहा कि नरेंद्र गिरि की मौत की जांच होने से कई सफेदपोश और भूमाफिया का नकाब उतर सकता है।
रानीपुर मोड़ कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में ओपी मिश्रा ने कहा कि श्रीमहंत की मौत अखाड़ों की अरबों रुपये की संपत्ति हड़पने से जुड़ी है। पूर्व में भी कई ऐसे संतों की हत्याएं हो चुकी हैं। अखाड़ों और मठों में आए दिन संपत्ति और गद्दी को लेकर विवाद होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाघंबरी मठ की संपत्ति और भूमि को जांच के दायरे में लाया जाए। सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में कमेटी से जांच कराई जाए।
महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष हेमा भंडारी ने कहा कि नरेंद्र गिरि का आकस्मिक निधन हिंदू सनातनी धर्म के लिए अपूरणीय क्षति है। वह साहसी व्यक्ति थे। ऐसे व्यक्ति का आत्महत्या करना किसी के गले नहीं उतर रहा है। आरोपियों से सख्ती से पूछताछ करने पर कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं। प्रदेश कोर कमेटी सचिव अनिल सती ने कहा कि जब धर्म और राजनीति का परस्पर विलय होगा तो भूमाफिया और सफेदपोश नेताओं के जरिए अखाड़ों ओर मठों की संपत्ति खुर्दबुर्द होती रहेगी।