भाजपा के तीन वरिष्ठ मंत्रियों ने पार्टी प्रत्याशी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पक्ष में संपर्क किया। तल्लादेश में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मैदानी क्षेत्र में गणेश जोशी और चंपावत में चंदन राम दास के नेतृत्व में चुनाव प्रचार हुआ। यहां खर्ककार्की में शक्ति केंद्र जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय की अध्यक्षता और बाराकोट की प्रमुख विनीता फर्त्याल के संचालन में हुए कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री चंदनराम दास की मौजूदगी में 12 से अधिक सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी भाजपा में शामिल हुए।
टनकपुर (चंपावत) में कांग्रेस ने गुरुवार को ताकत झोंक दी। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने बैठक ले कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कहा कि भाजपा सरकार ने महंगाई और बेरोजगारी से लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। माहरा ने कहा कि पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मला गहतोड़ी को टिकट देकर पार्टी ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया है।
ये भी पढ़ें...Chardham Yatra: ऑफलाइन पंजीकरण बंद होने से फंसे चार हजार यात्री, ऑनलाइन प्रक्रिया में भी ये दुविधा
बाद में सांसद प्रदीप टम्टा, हल्द्वानी के विधायक सुमित ह्दयेश, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत, पूर्व उप प्रमुख सुशीला बोहरा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी प्रत्याशी के लिए प्रचार किया। इस मौके पर विमला महरा, अलका ढेक, देवकी फर्त्याल, विमला पुजारी, पुष्पा देवी, रश्मि बगौली, प्रकाश माहरा, सोनम बोहरा आदि मौजूद थे। वहीं चंपावत क्षेत्र में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने प्रचार किया।