निर्माणाधीन मकान में बने वाटर टैंक में डूबने से मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
घटना नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के धर्मपुर डांडा में हुई। यहां लेन नंबर चार में विक्रम सिंह दानू का मकान बन रहा है। शुरूआत में यहां अंडर ग्राउंड वाटर टैंक बनाया गया था। करीब 12 फीट गहरे इस टैंक में पानी भरा है, जिसका इस्तेमाल फिलहाल भवन निर्माण में हो रहा है। मंगलवार को वहां मजदूर सूरज काम कर रहा था। सूरज अचानक उसमें गिर गया। उसके गिरते हुए उसकी बेटी ने देखा तो वह चिल्लाई। आसपास के लोग वहां पहुंच गए। मौके पर ठेकेदार सादाब को भी बुलाया गया। लोगों ने उसे बाहर निकाला और कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर सतबीर सिंह बिष्ट ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। मजदूर की बेटी और आसपास मौजूद लोगों से जानकारी ली जा रही है।