गदरपुर में आम आदमी पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के स्वागत के दौरान फ्लैक्सी में फोटो न देख कार्यकर्ता भड़क उठे। वे कार्यक्रम आयोजक से भिड़ गए। किसी तरह मामला शांत किया गया। बुधवार को आम आदमी पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रताप सिंह विर्क, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष यश अरोरा और अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. यूनुस चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी गदरपुर पहुंचे।
शहीद उधम सिंह कंबोज धर्मशाला में आयोजित समारोह में जरनैल सिंह काली और अन्य कार्यकर्ताओं ने उनका फूलमालाओं के साथ स्वागत किया। इस बीच आप नेता सुरेंद्र कंबोज के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ता फ्लेक्सी में अपनी फोटो ना देख भड़क बैठे और कार्यक्रम आयोजक रवि कुमार से उलझ पड़े।
सुरेंद्र कंबोज का कहना था कि विभिन्न राजनैतिक दलों में अपनी किस्मत आजमाने के बाद आप की सदस्यता ग्रहण करने वाले जरनैल सिंह काली को पार्टी की नीतियों पर चलकर कार्यकर्ताओं के सम्मान को बरकरार रखना चाहिए। इस पर काली ने कहा कि उन्होंने हाल में ही पार्टी की सदस्यता ली है, जिसके चलते उन्हें अभी पदाधिकारियों या कार्यकर्ताओं के बारे में पूरी जानकारी नहीं है। वरिष्ठ पदाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुए।
इस दौरान प्रताप सिंह विर्क ने कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने के साथ ही शिक्षा, चिकित्सा और स्वरोजगार के क्षेत्र में लाभ दिया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वली अहमद मंसूरी ने किया। वहां पर जिला अध्यक्ष मुकेश चावला, जिला महासचिव रवि कुमार, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष यश अरोरा, डॉ आनंद विश्वास, भुवन बिष्ट, सिमरन विर्क, अमनदीप विर्क आदि थे।
आम आदमी पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष ओम प्रकाश मिश्रा ने आप के पोस्टर लगाए जाने पर मुकदमे दर्ज होने पर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के इशारे पर ही आप के कार्यकर्ता पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस डूबता जहाज है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दूर-दूर तक नहीं दिखेगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और प्रीतम सिंह के बीच की आपसी कलह सार्वजनिक तौर पर जनता के सामने आ चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रति लोगों में आक्रोश है।
आम जनता विकल्प के रूप में आप को देख रही और आप से जुड़ रही है। पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा हेमा भंडारी ने कहा कि बीजेपी आप की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गई है। कार्यकर्ताओं पर बेवजह मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। यह बीजेपी की बौखलाहट को दर्शाता है। जिला सचिव अनिल सती ने कहा कि लोग बदलाव चाह रहे हैं। आप की नीतियों से प्रेरित होकर जुड़ रहे हैं।