मंत्रियों और कोर ग्रुप की बैठकों में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और राज्यमंत्री डॉ. धनसिंह रावत व पार्टी नेता मयंक गुप्ता ने केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी और लोक लुभावन योजनाओं का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन किया। इस दौरान नड्डा ने मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे इन योजनाओं की एक वीडियो फिल्म बनाकर फील्ड में प्रदर्शित करें ताकि पार्टी कार्यकर्ता के लिए जनता के बीच उनका प्रचार करने में आसानी हो।
पांच-पांच योजनाओं की जानकारी देनी होगी
मंत्रियों को प्रवास के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों के बीच अपने विभागों से संबंधित केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देनी होगी। ये सारी जानकारी तुलनात्मक आंकड़ों के साथ रोचक तरीके से जनता को दी जाएगी।
केंद्र की जनधन, आयुष्मान, सौभाग्य योजना के अलावा कोविडकाल में मोदी के नेतृत्व, उनके फैसलों से स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार, आलवेदर रोड, ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन व आत्मनिर्भर भारत पैकेज, वोकल फॉर लोकल पर खास फोकस करेंगे। राज्य सरकार की अटल आयुष्मान योजना, स्वरोजगार योजना, सौर ऊर्जा स्वरोजगार योजना समेत कई अन्य कल्याणकारी योजनाओं की मंत्री बात करेंगे और फील्ड में कार्यकर्ताओं से उनका फीड बैक लेंगे।
2022 के चुनाव में संजीवनी काम करेगा नड्डा का दौरा : भगत
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरान 2022 के विधानसभा चुनाव में संजीवनी का काम करेगा। उनके दिए टिप्स पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए कारगर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि उनके इस दौरे से कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह है।
हमारा सौभाग्य है कि 120 दिन के प्रवास में उन्होंने उत्तराखंड को प्राथमिकता दी। यह दौरा अत्यंत सफल दौरा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। बताया कि नड्डा ने लगभग 13 सत्रों में बैठक ली। बूथ में जाकर बूथ अध्यक्ष की अध्यक्षता में बैठक कर अनूठी पहल की। बैठकों में शत प्रतिशत उपस्थिति रही।