आईटीबीपी में भर्ती होने के लिए सीमांत जिलों के बेरोजगार युवाओं में उत्साह तो दिखाई दे रहा है, लेकिन 24 मिनट में पांच किमी की दौड़ पूरी करने में युवाओं का दम फूल रहा है।
मंगलवार को मातली और जोशीमठ में शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत 1182 अभ्यर्थियों में से 504 अभ्यर्थी दौड़ से बाहर हो गए।
सोमवार से आईटीबीपी बारहवीं वाहिनी परिसर मातली में उत्तराखंड के सीमांत जिले उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ के युवाओं के लिए भर्ती मेला आयोजित किया गया है। भर्ती के लिए सीमांत जिलों के युवाओं में खूब उत्साह दिखाई दिया।
592 अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई
5500 युवाओं ने भर्ती के लिए पंजीकरण करवाया है। मंगलवार से मातली परिसर में शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हुई। सेनानी आरएस चंदेल ने बताया कि शारीरिक दक्षता के लिए पहले दिन 600 अभ्यर्थी बुलाए गए थे, जिसमें 8 अनुपस्थित रहे।
जबकि 592 अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई। इसमें 198 अभ्यर्थी 24 मिनट में 5 किमी की दौड़ पूरी नहीं कर पाए, जिन्हें भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया है। इसके अलावा सीना तथा वजन माप में भी कई अभ्यर्थी बाहर हुए हैं।
उधर, जोशीमठ में प्रथम वाहिनी आईटीबीपी में 220 पदों के लिये चल रही भर्ती प्रक्रिया के दूसरे दिन एक हजार से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया था। सुबह आठ बजे 590 अभ्यर्थी दौड़ में शामिल हुए। इनमें 306 दौड़ में असफल होने पर भर्ती से बाहर हो गए। जिले के सुदूर क्षेत्रों से युवा भर्ती में शामिल होने के लिए जोशीमठ पहुंचे हैं। संख्या अधिक होने से जोशीमठ में ठहरने और खाने-पीने की अव्यवस्था रही।