प्रदेश भर में मौसम लगातार रंग बदल रहा है। मौसम विभाग ने चार से नौ जून तक बारिश की संभावना जताई है। खासतौर पर सात से नौ जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा मार्गों पर भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताए हैं। इसके लिए यात्रियों को पहले ही तैयार रहने की नसीहत दी गई है।
मौसम ने एक बार फिर से रंग बदलना शुरू कर दिया। शुक्रवार को कई जगहों पर बारिश हुई तो कई स्थानों पर गर्मी से लोग परेशान रहे। राजधानी सहित कई जगहों पर बारिश से शाम को मौसम सुहावना हो गया।
बन रहा कम दबाव वाला क्षेत्र
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि चार जून से प्रदेश में कम दबाव वाला क्षेत्र उत्पन्न हो रहा है। इसका असर पंजाब से कर्नाटक के तटों तक देखने का मिलेगा। इसके तहत उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के भी कई हिस्सों में बारिश होगी।
एक अन्य कम दबाव वाला क्षेत्र पंजाब से असम तक बन रहा है, जिससे सात से दस जून तक बारिश होगी। चार और पांच जून को उत्तराखंड के कई हिस्सों में हल्की बारिश होगी। छह जून को कुछ जगहों पर बारिश बढ़ जाएगी। सात, आठ और नौ जून को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट तो आएगी साथ ही उमस में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
कैसे होती है कम दबाव वाले क्षेत्र से बारिश
देश में कम दबाव वाले क्षेत्रों पर सूरज की सीधी किरणें पड़ने से इसे ऊर्जा मिलती है। इससे गर्म, हल्की, कम घनत्व और नमी वाली, ऊपर की ओर उठती हुई हवाओं का निर्माण होता है। ये हवाएं पूरे क्षेत्र में विस्तारित हो जाती हैं। हवाएं अत्यधिक नमी लिए होती हैं, जो ताप ऊर्जा से भरी होती हैं। जैसे ही यह सीधे खड़े बादलों के कॉलम के ट्रोपोलॉज में पहुंचती हैं तो इससे बारिश होती है।