अंतरराज्यीय सहकारिता प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि सहकारिता जनसहभागिता का आंदोलन है। सहकारिता से असंभव को संभव बनाया जा सकता है। उन्होंने सहकारिता विभाग को रेशा बोर्ड के माध्यम से कंडाली, भीमल व रामबांस के रेशों को खरीदने के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा। इसकी खरीद में 25 फीसदी सब्सिडी देने पर राज्य सरकार विचार करेगी।
शुक्रवार को सहकारिता प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद सीएम ने सहकारिता के संग बढ़े जनसेवा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन किसानों से लेकर सब्जियां, फल और अनाज को मंडी तक पहुंचाएगा। इसका संचालन पौड़ी का गौरी महिला समूह करेगा। साथ ही नौगांव में विपिन पैन्यूली के फेडरेशन में उत्पादित होने वाले सेब के रस की भी लांचिंग की। इससे तीन हजार के आसपास महिला किसान जुड़ी हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारिता मंत्री यशपाल आर्य ने किया। इस मौके पर सहकारिता से संबंधित पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने नौ स्वयंसेवी संगठनों के सहकारी संगठन सृष्टि के पेवेलियन की जमकर तारीफ की। इसमें तीन सौ एसएचजी के उत्पाद प्रदर्शित हैं। सहकारिता सचिव विजय ढौंडियाल ने कहा कि छह दिवसीय समारोह में सात प्रदेश शिरकत कर रहे हैं। उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र में कार्य करने वाले इन प्रदेशों से बहुत कुछ सीख पाएंगे। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश में सहकारिता की स्थिति और आगे के लक्ष्यों के बारे में सविस्तार जानकारी दी।
सिर चढ़कर बोला प्रीतम भरतवाण का जादू
कार्यक्रम में जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण के गीत संगीत का जादू सिर चढ़कर बोला। उनकी टीम द्वारा किए गए नृत्य ने जनसमूह को पहाड़ की महान संस्कृति से रूबरू कराया। जैमाया जैमाया राजराजेश्वरी गीत ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया। इसके बाद देवता लो देवता मेरा गो का देवता ने पहाड़ की दिव्य संस्कृति का संदेश दिया।
मैं जांदौं मेरि बसंती दूर देशुपार, मोरी रखा खोली-धौतरयां रासु, सिलोरा किले रुसै होली ने लोगों को झूमने नाचने में मजबूर कर दिया। प्रीतम भरतवाण ने कई गीत सहकारिता को भी समर्पित किए। पण्डंवानि जागर ने तो जैसे समय को बांध दिया। इसके बाद मंजू सुंदरियाल ने भी मनभावन गीत प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उत्तराखंड की संस्कृति को बढ़ावा देने में संस्कृतिकर्मियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
धाद संस्था ने परंपरागत पर्वतीय वाद्ययंत्रों से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसमें आर्ष कन्या इंटर कालेज की छात्राओं ने मंगल गीत व सहकारी गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में विधायक राजकुमार, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष संजीव आर्य, राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष प्रमोद कुमार, सहायक निबंधक रामिंद्री मंद्रवाल, निसबड की स्टेट हेड डा. पूनम सिन्हा, आरके शर्मा, वीरेंद्र सजवाण, सहायक निबंधक राजेश चौहान, गणेश डंगवाल, एसपी नौटियाल, भावना गोयल, कला बिष्ठ त्रिलोक बिष्ट, मंजुषा त्यागी, वीरेंद्र रावत और अजय जोशी मौजूद थे।