हरिद्वार में ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने आर्यनगर के एक प्रॉपर्टी डीलर से एक करोड़ की फिरौती मांगने के आरोप में तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों ने जेल में एक शातिर बदमाश के इशारे पर प्रॉपर्टी डीलर को डराने के लिए घर के बाहर फायरिंग की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, छह कारतूस और फायरिंग के दौरान घटना में प्रयोग की गई बाइक भी बरामद की है।
ज्वालापुर के आर्यनगर निवासी प्रापर्टी डीलर मोनू त्यागी के आवास पर सात सितंबर की रात 11 बजे बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने दो राउंड हवाई फायर किए थे। पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा था। नौ सितंबर को प्रॉपर्टी डीलर ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपनी जान का खतरा जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
फायरिंग के बाद 13 सितंबर सुबह और शाम दो फोन कॉल कर प्रॉपर्टी डीलर मोनू त्यागी से एक करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई। फिरौती ना देने पर उन्हें जान माल के नुकसान की धमकी भी दी गई। प्रॉपर्टी डीलर मोनू त्यागी ने जब एक करोड़ फिरौती मांगने की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस हरकत में आ गई।
एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस के निर्देश पर फिरौती मांगने वालों की धरपकड़ को इंस्पेक्टर प्रवीण सिंह कोश्यारी की अगुवाई में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम बाइक सवार तीन युवकों शुभम पंवार उर्फ पंचू निवासी बहादरपुर सेलाकुई देहरादून, निशु शर्मा उर्फ बिजली निवासी रामगढ़ हरिद्वार और रजत सती निवासी जिला चमोली को नहर पटरी रानीपुर झाल के पास से हिरासत में ले लिया।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने सात सितंबर को मोनू त्यागी के घर के बाहर फायरिंग करने स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान उनके कब्जे से तीन तमंचे और छह कारतूस के साथ ही घटना में प्रयोग की गई बाइक भी बरामद की है। इंस्पेक्टर कोश्यारी ने बताया कि अल्मोड़ा जेल में बंद कलीम के इशारे पर प्रापर्टी डीलर से फिरौती वसूलने की योजना बनाई थी।