कोविड संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक के दौरान जिले में रेमडेसिविर के इंजेक्शन की किल्लत की बात सामने आई। इस पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) यतीश्वरानंद ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने पूछा कि गंभीर मरीजों के रेमडेसिविर क्यों नहीं मिल रहा है। उन्होंने अव्यवस्थाओं के चलते मरीज की मौत पर संबंधित अधिकारियों को सीधे कार्रवाई की चेतावनी दी है।
हरिद्वार में रेमडेसिविर बाजार से गायब हो चुका है। लोगों को दर-दर भटकने के बाद इंजेक्शन की एक वॉयल भी नहीं मिल रही है। राज्यमंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने अधिकारियों से इंजेक्शन की उपलब्धता की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि आपूर्ति न होने के चलते विभाग के पास इंजेक्शन नहीं है। इस पर राज्यमंत्री ने कहा कि ऑक्सीजन और रेमडेसिविर जैसे जरूरी संसाधनों और दवाओं के चलते मरीज की मौत होती है तो संबंधित अधिकारी पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एसीएमओ डॉ. अजय कुमार को रेमडेसिविर के इंजेक्शन के लिए शासन को डिमांड भेजने के निर्देश दिए। राज्य मंत्री ने कहा विभाग को पर्याप्त मात्रा में इंजेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे।
मरीज की निगरानी, परिवार से जुड़ाव को दें प्राथमिकता
राज्यमंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने अधिकारियों से कहा कोविड अस्पतालों और होम आइसोलेशन में मरीज की लगातार निगरानी की जाए। जो मरीज कोविड अस्पताल और कोविड केयर सेंटरों में भर्ती है, उनके हालचाल की जानकारी परिजनों को नियमित तौर पर दी जानी चाहिए।