मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने पुलिस को छात्रा के कमरे की तलाशी लेने के निर्देश दिए। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो एक लेटर मिला, जिसमें लिखा था... ‘पापा मैं आपको और परेशान नहीं करना चाहती है, मेरी वजह से पहले ही आप बहुत परेशान हो चुके हैं’। इसी बीच छात्रा के मामा भी आईआईटी परिसर पहुंच गए। पुलिस, आईआईटी प्रशासन ने परिजनों को साथ लेकर पूरे कैंपस में छानबीन की। साथ ही सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो एक कैमरे में छात्रा आईआईटी कैंपस से बाहर जाती दिखाई दी। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि छात्रा की आसपास तलाश की जा रही है।
सुबह घर पर हुई थी बात
छात्रा के मामा ने बताया कि उसकी मंगलवार सुबह करीब आठ बजे मोबाइल से घर बात हुई थी। उसने सब कुछ सही होने की बात कही थी। साथ ही बताया था कि उसकी पढ़ाई भी अच्छी चल रही है। आकांक्षा ने परिजनों से बातचीत कर बाद में फिर फोन करने की बात कही थी। इसके बाद उसके मोबाइल पर कॉल करने पर नंबर बंद मिला।
पढ़ाई में होनहार है छात्रा
छात्रा के मामा ने बताया कि वह पढ़ने में बहुत होनहार है। पढ़ाई में कभी दिव्यांगता आड़े नहीं आई। वह मेहनत से पढ़ाई करती है। मेहनत का ही नतीजा था कि उसका आईआईटी में प्रवेश हुआ था। उन्होंने बताया कि आकांक्षा का बड़ा भाई एमबीए और छोटी बहन भी पढ़ाई कर रही है।