कोरोना महामारी से मृत लोगों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपए दिए जाने, निराश्रित हुए बच्चों की समुचित शिक्षा व लालन पालन और बच्चों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए अस्पतालों के बजाए स्कूलों में स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में कोरोना का टीका लगाए जाने की मांग की है। इस संबंध में महानगर कांग्रेस ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा है।
सोमवार शाम महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी डॉ. आर. राजेश कुमार को सौंपे ज्ञापन में मांग की कि निराश्रित हुए बच्चों और जिनके परिवार ने कमाऊ सदस्य खो दिया, उनके बच्चों के लालन-पालन से लेकर 12वीं तक की शिक्षा निशुल्क की जाए। उन्हें हर माह प्रत्येक बच्चे के हिसाब से कम से कम पांच-पांच हजार रुपए की 12वीं कक्षा तक मदद की जाए। बच्चों को स्कूलों में स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में टीका लगाया जाए। ज्ञापन देने में डॉ. विजेंद्र पाल, मोहन भंडारी, संदीप चमोली, रॉबिन त्यागी, विनित भटट बंटू, आयुष सेमवाल, कमरखान ताबी, जितेंद्र नेगी, अभय अथूरिया, सौरभ आदि शामिल रहे।