11 मनसा देवी क्षेत्र के लालपानी बीट में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम।
- फोटो : RISHIKESH
वन विभाग ने मनसा देवी क्षेत्र में लालपानी बीट में वन विभाग की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को हटाया। शुक्रवार को भी वन विभाग की टीम अतिक्रमण स्थल पर कार्रवाई करेगी। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे वन विभाग की टीम वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन सिंह नेगी के नेतृत्व में जेसीबी के साथ मनसा देवी क्षेत्र में पहुंची। यहां टीम ने वन विभाग की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया
वन विभाग की ओर से हुई इस तरह की कार्रवाई से भू माफिया और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान वन विभाग की टीम को लोगों के आक्रोश का भी सामना करना पड़ा, लेकिन टीम लोगों के आगे डटी रही। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने जेसीबी की मदद से वन विभाग की भूमि पर हो रहे निर्माणाधीन भवन को ध्वस्त कर दिया। करीब दोपहर दो बजे तक चली कार्रवाई में वन विभाग ने मनसा देवी लाल पानी क्षेत्र में चार कमरों का निर्माणाधीन भवन ध्वस्त कर दिया। वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन सिंह नेगी ने बताया कि भीड़ के चलते वन विभाग की टीम को कार्रवाई करने में थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन भीड़ को समझाने बुझाने के बाद मामला शांत हुआ। उसके बाद विभागीय टीम ने अपनी कार्रवाई पूरी की। कहा कि शुक्रवार को भी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा वन विभाग की भूमि पर जहां-जहां अतिक्रमण हो रखे हैं, उन्हें एक-एक कर चिन्हित कर मुक्त किया जाएगा।