खाने के पैसे मांगने पर दो लोगों ने रेसकोर्स स्थित एक रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ और कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। रेस्टोरेंट मालिक की तहरीर के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पारितोष चंद्रा का रेसकोर्स चौक पर रेस्टोरेंट हैं। पारितोष ने तहरीर में बताया कि 31 जुलाई की रात साढ़े दस बजे दो व्यक्ति गाड़ी से वहां पहुंचे और खाने का आर्डर दिया। आर्डर तैयार होने पर जब कर्मचारी रजत ने उक्त लोगों से पैसे मांगे तो उन्होंने दुकान पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों वहां से चले गए। बताया कि कुछ देर बाद दोनों चार गाड़ियों में अपने अन्य 15 साथियों के साथ फिर पहुंचे और उन्होंने दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे कर्मचारी रजत पर हमला कर दिया और दुकान के शीशे, काउंटर, भट्टी आदि तोड़ दी। आरोप लगाया कि इस दौरान काउंटर से 33 हजार रुपये भी गायब हो गए। रजत को काफी चोट आई है। कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी अभिषेक कठैत और सलमान के साथ ही अज्ञात 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।