कार्बेट नेशनल पार्क में संविदा पर तैनात दो कर्मचारियों को जंगली हाथियों ने मार डाला। दोनों के क्षत-विक्षत शव वनकर्मियों ने बरामद कर संयुक्त अस्पताल पहुंचाए, जहां से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। कर्मचारियों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को तात्कालिक सहायता के रूप में पांच-पांच लाख रुपये दिए जाने का एलान किया है।
ग्राम आमडंडा निवासी वीर सिंह (35) पुत्र प्रेम सिंह और गिंती गांव कोटाबाग निवासी पंकज कुमार (20) पुत्र कृपाल सिंह कार्बेट नेशनल पार्क के बिजरानी रेंज की मलानी में संविदा पर कार्यरत थे। वीर सिंह विभाग में बीट वॉचर और पंकज हाउस कीपर थे।
शुक्रवार शाम दोनों कार्बेट पार्क की बिजरानी रेंज से मलानी रेंज जाने के लिए एक बाइक से निकले। देर रात तक दोनों के मलानी न पहुंचने पर साथियों ने इसकी खबर बिजरानी रेंज को दी। वहां से बताया गया कि दोनों घंटों पहले ही मलानी रेंज के लिए निकल चुके हैं। इस सूचना के बाद मलानी और बिजरानी रेंज के वनकर्मियों ने अभियान चला।