कोरोना संकट के चलते आर्थिक संकटों का सामना कर रहे सिटी बस, ऑटो, विक्रम, ई-रिक्शा, टैक्सी, मैक्सी के ड्राइवरों, कंडक्टरों और क्लीनर्स को राज्य सरकार की ओर से अगले छह माह तक प्रतिमाह दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। शासन के इस फैसले पर सिटी बस, ऑटो और विक्रम यूनियनों के पदाधिकारियों ने खुशी जताई है। साथ ही टैक्स में छूट की घोषणा करने की मांग की है।
देहरादून महानगर सिटी बस सेवा महासंघ के अध्यक्ष विजयवर्धन डंडरियाल का कहना है कि सरकार, शासन ने बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले से राज्यभर में एक लाख से अधिक ड्राइवरों और कंडक्टरों को आर्थिक सहायता मिलेगी। सरकार को वाहन संचालकों की भी आर्थिक मदद के लिए आगे आना चाहिए। विक्रम जनकल्याण सेवा समिति अध्यक्ष राजेंद्र कुमार का कहना है कि सरकार के इस फैसले से काफी राहत मिलेगी। ऑटो यूनियन के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा का कहना है कि फैसला सराहनीय है।