मूल निवास को लेकर अफवाहों पर लगा विराम : भट्ट
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राज्य में मूल निवास को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्णय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के मूल निवासियों के हित में लिया गया अच्छा फैसला है।
उन्होंने कहा कि मूल निवास प्रमाण पत्र के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अब मूल निवास प्रमाण पत्र धारकों को स्थायी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है। हालांकि पूर्व में भी इसके लिए वर्ष 2007 में निर्देश जारी किये गए थे। उत्तराखंड में मूल निवास प्रमाण पत्र धारकों को स्थाई निवास प्रमाण पत्र के लिए विवश किया जा रहा था। अब विभाग भी बाध्य नहीं कर पाएंगे। भट्ट ने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी आमजन की समस्याओं को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि सीएम युवा बेरोजगारों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों के हितों को लेकर गंभीर हैं। मूल निवास को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम को लेकर पार्टी सतर्क है और किसी भी हाल में आमजन को कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।