बच्चे के पिता ने बैग वहीं पर रख दिया और उससे बात करने लगे। इस बीच उसे आसपास पुलिस के होने का भी शक हो गया। अंधेरे का फायदा उठाकर वह वहां से भाग गया। बदमाश ने रुपयों का बैग भी नहीं उठाया। उधर, मेहूंवाला गई पुलिस टीम ने तेलपुर चौक से सड़क किनारे खड़ी एक कार से बच्चे को बरामद कर बदमाश को दबोच लिया। एसएसपी ने बताया कि बच्चा सकुशल है। दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। तीसरे की तलाश की जा रही है।
अपना बच्चा ढूंढने के बहाने पहुंचे थे बदमाश
बच्चे ने बरामद होने के बाद अपने परिजनों और पुलिस को सारी घटना की जानकारी दी। पता चला कि दो बदमाश उसके घर के पास ही आए थे। उन्होंने कहा था कि उनका बेटा यहां पर क्रिकेट खेलने आया था, लेकिन बहुत देर से घर वापस नहीं आया है। इसके लिए उन्होंने बच्चे को क्रिकेट ग्राउंड दिखाने के लिए कहा। उनकी बातें सुनकर बच्चा भी बाइक पर बदमाशों के साथ बैठ गया।
बदमाशों ने खूब चकमा देना चाहा पुलिस को
बदमाशों ने पुलिस को चकमा देने की भी खूब कोशिश की। परिजनों को हर्रावाला में पैसे लेने के लिए बुलाया था और बच्चे को अन्य बदमाशों के साथ मेहूंवाला में रखा था, लेकिन पुलिस बदमाशों के फोन टेप कर रही थी। इसी से पता चला कि बच्चा दूसरे बदमाशों के साथ है। आशंका यह भी जताई जा रही थी कि कहीं बदमाश बच्चे के साथ कुछ गलत काम न कर डालें।