उत्तराखंड की राजधानी के विकासनगर क्षेत्र में कुछ बाइक सवार लोगों ने दलित नेता को जान से मारने की धमकी दी है।
देहरादून जिले के विकासनगर में आराधना ग्रामीण विकास केंद्र समिति के संरक्षक और दलित नेता दौलत कुंवर को बाइक सवार कुछ लोगों ने रोक कर जान से मारने की धमकी दी। मामले में उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दौलत कुंवर ने बताया कि तहसील में धरना प्रदर्शन के बाद सोमवार की दोपहर करीब सवा दो बजे वह छुट्टी के बाद बच्चों को स्कूल से लाने जा रहे थे।
बादामावाला चौराहे पर बाइक में सवार तीन लोगों ने हाथ देकर उन्हें रोका। जिस पर वह रुक गए। इस बीच पीछे से आई बाइक भी वहां रुक गई। बाइक सवार ने उसे राजनीति न करने की हिदायत दी।
बाइक सवार ने उनके साथ गाली गलौच और जान से मारने की धमकी दी। धमकी के बाद दोनों बाइक में सवार लोग वहां से चले गए।
दौलत कुंवर ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस से की है। कोतवाल संदीप नेगी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।