रसोई गैस की भारी किल्लत से जूझ रहे शहर के फतेहपुर क्षेत्र के लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। उन्होंने सीएपीडी विभाग, जिला प्रशासन और गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसी दौरान थन्नामंडी जा रहे सिलेंडरों से भरे ट्रक को प्रदर्शनकारियों ने रोक लिया।
सिलेंडर स्थानीय लोगों को देने की मांग पर अड़े लोगों की ट्रक चालक से नोकझोंक भी हुई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर गैस से भरे सिलेंडर स्थानीय लोगों को दिलवाए, तब जाकर मामला शांत हुआ। पिछले कई महीनों से रसोई गैस की किल्लत से परेशान लोगों के सब्र का प्याला मंगलवार को छलक पड़ा और वे सड़क पर उतर आए। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्होंने सड़क जाम कर दिया।
उनका कहना था कि कई बार शिकायत के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। स्थानीय निवासी सोनू शाह ने बताया कि रसोई गैस की सप्लाई को लेकर करीब चार महीनों से गैस एजेंसी टालमटोल कर रही है। कई बार पर्ची काटने के बाद हमें सिलेंडर नहीं मिला। घंटों इंतजार करने के बाद खाली हाथ लौटना पड़ा है।
स्थानीय सरपंच ने आरोप लगाया कि पिछले एक हफ्ते में दूसरी बार गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक थन्नामंडी जा रहा है। ट्रक में लदे सिलेंडरों को स्थानीय लोगों को देने की बात पर अड़े प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की एक न सुनी। मजबूर हो कर पुलिस को ट्रक वहीं खाली करवाना पड़ा। सरपंच ने बताया कि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद गैस से भरे सिलेंडर खेहवरा क्षेत्र के लोगों को दे दिए गए।