कोटद्वार में दुगड्डा-लक्ष्मणझूला मोटर मार्ग पर कांडी और भृगुखाल के बीच गहरी खाई में एक विवाहित महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
राजस्व पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है, लेकिन मौके की स्थिति देखने से साफ है कि महिला की हत्या कर शव चट्टान से खाई में फेंक दिया गया है। महिला के गले में फांसी लगाने के निशान मिले हैं।
अब तक की छानबीन में यह बात सामने आई है कि ऋषिकेश की ओर से एक वाहन में बैठकर आए तीन पुरुषों ने महिला की हत्या कर शव खाई में फेंका है। राजस्व पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्जकर मामले की छानबीन करेगी।
सोमवार शाम करीब साढ़े तीन बजे राजस्व पुलिस को सूचना मिली कि यमकेश्वर के थनूर गांव के घने जंगल में खाई में एक शव पड़ा है। ग्राम प्रधान अरविंद सिंह की सूचना पर कानूनगो डबल सिंह रावत, पटवारी प्रीतम सिंह रावत अन्य पटवारियों के साथ मौके पर पहुंचे।
महिला की उम्र करीब 24 साल बताई जा रही है। महिला नीले रंग का सिल्क का कुर्ता तथा लाल रंग का पायजामा पहने है। मांग में सिंदूर लगा था। पांव में पायजेब और बिछुवे पहने मिले। करीब पांच फीट दो इंच लंबी सांवले रंग की इस महिला को रविवार की शाम लक्ष्मणझूला-दुगड्डा के बीच कांडी समेत कई बाजारों में लोगों ने तीन अन्य पुरुषों के साथ देखा।
राजस्व पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कर शव खाई में फेंक दिया गया है। महिला मैदानी मूल की लग रही है। संभावना यह जताई जा रही है कि महिला यूपी क्षेत्र के किसी गांव की निवासी थी।
तहसीलदार श्रेष्ठ गुनसोला ने बताया कि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और बिजनौर पुलिस को मृतका के फोटोग्राफ भेजे जा रहे हैं। इन जिलों से एक हफ्ते की गुमशुदगी की जानकारी मांगी गई है।