डोईवाला में बंद आवास में सेंध लगाकर चोर लाखों का माल ले उड़े। वारदात के समय परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे। पुलिस ने मामला संज्ञान में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
कोतवाली के समीप मिस्सरवाला टोंगिया में सुधीर शर्मा का आवास है, जो कुछ दिनों से बीमार मां को देखने मुंबई गए हुए हैं और पत्नी बीना किसी काम से मेरठ गई हुई हैं। बृहस्पतिवार की शाम पड़ोसियों ने घर के दरवाजे खुले देख फोन से गृहस्वामिनी को सूचित किया।
गहने और नकदी गायब
शुक्रवार सुबह घर पहुंची गृहस्वामिनी ने कमरे में सामान अस्तव्यस्त पाया और आलमारी का लॉक टूटा मिला। उन्होंने बताया कि चोर कीमती आभूषण और 50 हजार की नकदी ले गए हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौका मुआयना कर चोरी की जानकारी ली।
उधर, पूर्व प्रधान राजेश गुरूंग और युंका नेता विक्रम सिंह नेगी ने पुलिस से घटना के जल्द खुलासे की मांग की है। कोतवाल अनिल जोशी ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
अफीम के साथ दो धरे
डोईवाला में ही पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त दो लोगों को दबोचा है। उनके पास से 20 ग्राम अफीम बरामद की गई है। पुलिस ने संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लालतप्पड क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने संदिग्धावस्था में घूम रहे दो लोगों को दबोचा। उनके पास 10, 10 ग्राम अफीम मिली। उनकी पहचान पवन सिंह निवासी कांहरवाला और किशन जोशी निवासी जीवनवाला के रूप में कराई है।