उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक तांत्रिक ने झाड़फूंक के बहाने फूलचौड़ में मंगलवार की रात पॉलीटेक्निक की एक छात्रा के कपड़े उतरवाने लगा।
तांत्रिक ने हिदायत दी कि किसी अन्य को यह बात बताने पर तुम्हारी विद्या (शिक्षा) मर जाएगी। छात्रा के विरोध करने पर परिवार के साथ पड़ोसियों ने तांत्रिक की पिटाई कर उसे टीपीनगर पुलिस चौकी के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तल्लीबमौरी का रहने वाला बिशन दत्त पांडेय ने तांत्रिक कर्म के लिए अपने मकान में एक मंदिर बनवाया है। इस मंदिर पर प्रत्येक शनिवार को विभिन्न रोगों से पीड़ित लोग आते हैं। शनिवार को फूलचौड़ की रहने वाली पॉलीटेक्निक की छात्रा भी तांत्रिक से मिलने के लिए गई थी।
'उस पर प्रेत का साया है'
छात्रा ने तांत्रिक को बताया कि उसके शरीर में काफी दर्द होता है। दवा से ठीक नहीं हो रहा है। तांत्रिक ने बताया कि उस पर प्रेत का साया है। प्रेत को उतारने के लिए तांत्रिक कर्म करना होगा।
रविवार को तांत्रिक छात्रा के घर आया। उसने कमरे से सभी को बाहर निकालकर उसके शरीर पर हाथ फेरा। तांत्रिक ने तंत्र पूजा के लिए काले, लाल और नीले रंग के कपड़े और फल फूल मंगाए।
सोमवार और फिर मंगलवार की रात तांत्रिक झाड़ फूंक के लिए छात्रा के घर आया। उसने प्रसाद बनाकर एक टोकरी में रख दिया। परिवार वालों को उसने कमरे से बाहर जाने की सलाह दी।
छात्रा की आपबीती सुनने के बाद तांत्रिक पिटा
छात्रा को अकेले 55 साल के तांत्रिक के साथ छोड़कर परिजन घर के बाहर निकल गए। कुछ देर बाद तांत्रिक छात्रा के कपड़े उतारने लगा और हिदायत दी कि यदि कमरे की बात किसी से बताई तो उसकी विद्या मर जाएगी।
छात्रा तांत्रिक के क्रिया कलाप का विरोध करने लगी। उसने शोर मचाया तो परिवार के लोग दरवाजा खोलकर अंदर घुस गए। परिवार के लोगों ने छात्रा की आपबीती सुनने के बाद तांत्रिक की पिटाई कर दी।
जानकारी मिलने पर पड़ोस की महिलाओं और बच्चों ने भी तांत्रिक को लात जूतों से पीटा। क्षेत्रीय लोगों ने उसे टीपीनगर पुलिस चौकी के हवाले कर दिया। पुलिस तांत्रिक से पूछताछ कर रही है।